महासमुन्द 30 जनवरी 2020/जिला चिकित्सालय महासमुन्द में राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी की पुण्य तिथि 30 जनवरी 2020 को प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी राष्ट्रीय कुष्ठ निवारण दिवस के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय कुष्ठ प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान लालपुर रायपुर के कंसलटेंट आर्थो सर्जन डॉ के एम काम्बले, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एस पी वारे, सिविल सर्जन डॉ आर के परदल और जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ वी पी सिंह द्वारा गाँधी जी के छाया चित्र पर दीप प्रज्जवलित कर किया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एस पी वारे द्वारा जिले में संचालित कुष्ठ कार्यक्रम की गतिविधियों की जानकारी देते हुए कुष्ठ के मरीजो को जल्द से जल्द खोज कर एम.डी.टी. से उपचारित करने के लिए सलाह दिया गया, ताकि कुष्ठ रोग से होने वाली विकृति से बचा जा सके। सिविल सर्जन डॉ आर के परदल द्वारा जल्दी कुष्ठ रोग खोजने की दिशा में ग्रामीण क्षेत्रों में पदस्थ स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से सहयोगात्मक रुख अपनाते हुए अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रम की भांति इसमें भी रूचि लेकर काम करने की अपील की। कंसलटेंट आर्थो सर्जन डॉ के.एम.काम्बले द्वारा जिले में कुष्ठ रोग की अधिकता देखते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए, जैसे हर गाँव, हर स्कूल, में हर समुदाय को कुष्ठ की जानकारी दिया जाए, ताकि लोग खुद कुष्ठ का संदेह होने पर स्वास्थ्य केन्द्रों में जाकर जाँच कराए। कार्यक्रम का समापन जिला कुष्ठ अधिकारी द्वारा शपथ पत्र का वाचन कर किया गया। कार्यक्रम के समापन पश्चात जिला चिकित्सालय में सितम्बर 2019 में विकृति सुधार ऑपरेशन हुए 29 मरीजो का प्रथम फॉलो अप डॉ के.एम.काम्बले कंसलटेंट आर्थो सर्जन एवं फिजियोथेरेपिस्ट श्री कार्तिक घोटवाल ,श्री पदमन पटेल द्वारा किया गया।

