छुरा गरियाबंद
छत्तीसगढ़ सेवा न्यूज़
रिपोर्ट-रामकुमार यादव
संपर्क सूत्र-9009867006
रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) की महत्वपूर्ण बैठक जोगी निवास अनुग्रह में हुई। बैठक में प्रदेशभर से प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में अजीत जोगी के निधन के बाद रिक्त हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चुनाव किया गया। विधायक डॉ.रेणु जोगी राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित हुई। रेणु जोगी ने अपना उद्बोधन संत कबीर का दोहा "कबीरा खड़ा बाजार में, मांगे सबकी खैर, ना काहू से दोस्ती ना काहू से बैर" से शुरू किया। उन्होंने प्रदेश भर से आए प्रतिनिधियों से कहा कि कठिन से लेकर कठिन परिस्थिति में सभी जनता कांग्रेस के साथ खड़े हैं। आप सब सही मायने में छत्तीसगढ़ महतारी के सच्चे सिपाही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा से हमारा अपमान किया है। कांग्रेस विधायक रहते हुए मेरा अपमान किया, स्व. जोगी का अपमान किया। हमारे दिल में सबके लिए प्रेम है। हम पुरानी बातों में नहीं जाना चाहते हैं। 2023 में हम छत्तीसगढ़ियों की सरकार बनाकर स्व.अजीत जोगी के अधूरे सपने को पूरा करने का संकल्प लें।
विधायक दल के नेता विधायक धर्मजीत सिंह ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को छोड़कर पूरे देश में कांग्रेस का बुरा हाल है। कांग्रेस ने हाथी को बीमार कर दिया। साइकिल को पंचर कर दिया, लालटेन को बूझा दिया। कार्यकर्ता तीन साल धैर्य रखें, जनता कांग्रेस भविष्य में सरकार बनाएगी। विधायकद्वय पर तंज कसते हुए धर्मजीत सिंह ने कहा कि आप सब हमारे परिवार के सम्मनीय सदस्य हैं। कांग्रेस के मायाजाल में न फंसे, न उधर के रहेंगे न इधर के रहेंगे। साथ में आए मिलकर काम करेंगे। धर्मजीत सिंह ने यह भी कहा कि न मैं कांग्रेस में जाऊंगा न भाजपा में जाऊंगा, मैं जनता कांग्रेस में रहूंगा जोगी परिवार के साथ रहूंगा। अमित जोगी ने अपना अध्यक्षीय उद्बोधन देते हुए कहा कि मेरे पिता और पार्टी के संस्थापक स्व.अजीत जोगी ने अपनी आत्मकथा सपनों के सौदागर में प्रदेश के पहले और एकमात्र मान्यता प्राप्त दल के संबंध में लिखा है। पार्टी को व्यक्तियों पर नहीं बल्कि विचारों- जिसे सामूहिक रूप से उन्होंने छत्तीसगढ़ प्रथम सिद्धांत की परिभाषा दी थी, पर केंद्रित होना चाहिए। उन्होंने ये भी लिखा है कि 2018 पार्टी का पहला न कि अंतिम अध्याय है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते मेरे लिए उनकी ये दोनों बातें सर्वाधिक महत्व रखती है। जेसीसीजे का अपना अलग अस्तित्व बनाए रखना छत्तीसगढ़- और छत्तीसगढ़ियों- की राजनीतिक पहचान को बनाए रखने के लिए अनिवार्य है। अमित जोगी ने कहा अगले तीन साल निर्णायक रहेंगे। सत्ता के गुरुत्वाकर्षण के कारण संघर्ष के हमारे सैंकड़ों साथी, विशेषकर प्रथम पंक्ति के नेता, कांग्रेस में वापस लौट चुके हैं। ये बेहद स्वाभाविक सी बात है और इस से हमें निराश नहीं होना चाहिए। जो चले गए हैं, उनके साथ मेरे दलीय तो नहीं लेकिन दिली संबंध बरकरार रहेंगे। जिला गरियाबंद से भी बैठक में भाग लेने जिला अध्यक्ष गरियाबंद नथमल शर्मा,
पूर्व मंडी अध्यक्ष गरियाबंद
देव सिंह रात्रे,
राष्ट्रीय यादव संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष
रामकुमार यादव,
जिला पंचायत सदस्य एवं पूर्व विधायक प्रत्याशी राजिम विधानसभा रोहित साहू, वरिष्ठ नेता लक्ष्मण साहू, आदि उपस्थित थे और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर कोटा विधायक डॉ रेणु जोगी को समर्थकों ने बधाई दिए अंत में पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष अमित जोगी ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया से निर्वाचित 21 सदस्यीय कोर कमेटी,21 सदस्यीय मार्गदर्शक मंडल,15 सदस्यीय स्थायी आमंत्रित सदस्य और 186 सदस्यीय प्रदेश प्रतिनिधि की घोषणा की



