छत्तीसगढ़ सेवा न्यूज़
बलौदाबाजार संवाददाता लिलेश्वर प्रसाद निषाद की रिपोर्ट
बलौदाबाजार :- 4 मार्च/ 2021 कलेक्टर की बैठक में मास्क नहीं लगाकर पहुंचे 6 अधिकारियों पर जुर्माना लगाया गया। मास्क नहीं लगाकर सार्वजनिक बैठक में शामिल होने और कानून का उल्लंघन करने पर उनसे 100-100 रुपये का जुर्माना लिया गया। दरअसल कलेक्टर सुनील कुमार जैन आज जिला पंचायत के सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। गौठान के काम-काज की समीक्षा शुरू करने के पहले उनकी नज़र मास्क नहीं पहनने वाले अफसरों पर पड़ी। जिसमें छह अफसर बिना मास्क पहने पाये गये। कलेक्टर ने उन्हें खूब फटकार लगाई और कोविड प्रोटोकॉल का हर समय पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नायब तहसीलदार को बैठक में बुलाकर मास्क धारण नहीं करने वाले अधिकारियों से 100-100 रुपये का जुर्माना स्वरूप चालान कटवाया। उन्होंने सभी सरकारी अधिकारी और कर्मचारियों को हमेशा मास्क लगाने और दो ग़ज़ की दूरी का पालन करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ डॉ फरिहा आलम सिद्दिकी और अपर कलेक्टर राजेन्द्र गुप्ता भी उपस्थित थे।

