‘भेंट-मुलाकात अभियान‘: बिहारपुर में ग्रामीणों के आग्रह पर लगी सौगातों की झड़ी
अपनी घोषणाओं से मुख्यमंत्री ने जीता ग्रामीणों का दिल
बिहारपुर की पेयजल समस्या का होगा जल्द समाधान: मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल
24 गांवों के क्लस्टर में नल जल योजना के लिए 24 करोड़ रूपए की दी मंजूरी
बिहारपुर में विद्युत सब-स्टेशन की स्थापना के लिए बिजली विभाग करेगा परीक्षण
बिहारपुर में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल खुलेगा
बिहारपुर में अगले वर्ष से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा और एटीएम की सुविधा होगी प्रारंभ
छात्राओं की मांग पर कन्या छात्रावास की मंजूरी
खारपाथर हाईस्कूल का होगा हायर सेकंडरी स्कूल में उन्नयन
संसदीय सचिव श्री पारसनाथ राजवाड़े की मांग पर बिहारपुर में आईटीआई की स्थापना की स्वीकृति
अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए ट्रांजिट हॉस्टल निर्माण की घोषणा
बिहारपुर मुख्य सड़क मार्ग का होगा निर्माण
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भेंट-मुलाकात अभियान के चौथे दिन भटगांव विधानसभा क्षेत्र के बिहारपुर में ग्रामीणों की मांग पर सौगातों की झड़ी लगा दी। उन्होंने ग्रामीणों, छात्राओं, बहनों और संसदीय सचिव के आग्रह पर अनेक घोषणाएं कर सौगातों की झड़ी लगा दी और उनका दिल जीत लिया। मुख्यमंत्री ने बिहारपुर में बहनों और बेटियों के आग्रह पर पेयजल की समस्या के समाधान के लिए 24 गांवों के क्लस्टर के लिए 24 करोड़ रूपए की राशि से नल जल योजना की घोषणा की। इसी तरह उन्होंने क्षेत्र में बिजली की समस्या दूर करने के लिए सब स्टेशन की स्थापना हेतु बिजली विभाग से परीक्षण कराने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने संसदीय सचिव श्री पारसनाथ राजवाड़े की मांग पर बिहारपुर में आईटीआई की स्थापना की मंजूरी दी।
मुख्यमंत्री ने बिहारपुर में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल प्रारंभ करने, रक्सगंडा को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने, ग्रामीणों के आग्रह पर बिहारपुर मुख्य सड़क मार्ग के निर्माण, गवर्नमेंट गर्ल्स हायर सेकंडरी स्कूल की छात्राओं की मांग पर कन्या छात्रावास, ग्रामीणों के आग्रह पर खारपाथर हाईस्कूल के हायर सेकंडरी स्कूल में उन्नयन, अगले वर्ष से बिहारपुर में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा और एटीएम की सुविधा प्रारंभ करने और अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए ट्रांजिट होस्टल निर्माण की घोषणा की। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री की हर घोषणा का ताली बजाकर स्वागत किया। इस अवसर पर नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया और संसदीय सचिव श्री पारस नाथ राजवाड़े भी उपस्थित थे।
बिहारपुर में लगभग 2.15 करोड़ रूपए के विकास कार्यों का शिलान्यास
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने बिहारपुर में लगभग 2.15 करोड़ रूपए की लागत के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। उन्होंने अवंतिकापुर मुख्य मार्ग से साहू पारा रोड में 38.40 लाख रुपये के पुलिया निर्माण कार्य, 28 लाख रूपए की लागत से नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र मोहली के भवन निर्माण कार्य, जिला सूरजपुर के कैलाश नगर से छतरंग मार्ग में बलम्मा घाट पर 149.34 लाख लागत से पुलिया निर्माण का शिलान्यास किया।

