मरीजों को इलाज के लिए मिली तत्काल मदद
दिव्यांगों को मोटराईज्ड ट्राइसायकिल एवं अन्य उपकरण प्रदान किए
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में मरीजों को इलाज के लिए तत्काल आर्थिक सहायता मंजूर करने के साथ ही दिव्यांगों को मोटराईज्ड ट्राइसाइकिल, वॉकर सहित अन्य सहायक उपकरण प्रदान की। जनदर्शन कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न इलाकों से सभी आयु वर्ग एवं समाज के हजारों लोग अपनी समस्या एवं मांगों को लेकर मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे थे। जनदर्शन कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से शुरू हुआ और शाम 7 बजे तक चला। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस दौरान एक-एक कर सभी लोगों की समस्याओं एवं मांगों को बड़ी तन्मयता के साथ सुना और निदान के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री साय ने जनदर्शन कार्यक्रम में इलाज के लिए मदद का आवेदन लेकर आई रायपुर आमापारा की उषा ठाकुर, जो कि ओरल कैंसर से पीड़ित हैं, उन्हें इलाज के लिए एक लाख रूपए का चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने रायपुर के गुढ़ियारी निवासी रोशन साहू के 8 वर्षीय बीमार पुत्र के इलाज के लिए 25 हजार रूपए तथा दिव्यांग कलाकार विवेक भोंसले को वाद्ययंत्र खरीदने के लिए 15 हजार रूपए का चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने जनदर्शन कार्यक्रम में दिव्यांग राजूराम वाचम और लीलाशंकर साहू को मोटराईज्ड ट्राइसायकिल, मोहम्मद रसीद कुरैशी को व्हीलचेयर, इंद्रसेन गोस्वमी को एल-बो क्रेच एवं विवेक शर्मा को वॉकर प्रदान किया।
जनदर्शन कार्यक्रम में जशपुर से आई दृष्टिबाधित कुमारी रूपवर्षा ने पढ़ने में आ रही दिक्कत को दूर करने के लिए ऑर्बिट रीडर यन्त्र प्रदान किए जाने का आग्रह किया। रायगढ़ जिले की खरसिया की रहने वाले 45 वर्षीया दुर्गेश नंदिनी राठौर ने मुख्यमंत्री से सब्जी बाड़ी एवं मछली पालन के लिए भूमि पट्टे पर दिए जाने की मांग की। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में कलेक्टर रायगढ़ को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। एक दुर्घटना में बांया हाथ खो चुके दुर्ग निवासी श्री सागर देवांगन के आवेदन पर मुख्यमंत्री ने समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को निःशुल्क कृत्रिम हाथ लगवाए जाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने बालिका खिलाड़ियों को हौसला बढ़ाया
दक्षिण कोरिया में 25-30 अगस्त तक आयोजित एशियन कप बीच वुडबॉल चैम्पियनशिप में ब्रॉज मेडल हासिल करने वाली महासमुंद की चैन कुमारी निषाद और रायपुर की रंजीता खलको भी मुख्यमंत्री से मुलाकात करने जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंची थी। मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों को अपने पास मंच पर बुलाकर उनकी हौसला अफजाई की और उनके साथ फोटो भी खिंचाई।

