प्रयागराज राजिम से नेहरू साहू की रिपोर्ट
राजिम के महाडिक पेट्रोल पंप के सामने मौजूद दो कपड़ा दुकानों में शुक्रवार रात 10:30 अचानक आग लग गई . आग लगने का पता लोगों को दुकान के भीतर से निकल रही आग की भयानक लपटों को देखकर लगा . जिन दो दुकानों में आग लगी थी, उनमें से एक चौबेबाँधा निवासी निरंजन देवांगन की और दूसरी गोबरा नवापारा निवासी मोहम्मद अयूब खोखर की बताई जा रही है . दोनों दुकानों में से निरंजन देवांगन की कपड़ा दुकान लगभग पूरी तरह जलकर ख़ाक हो गई है . दुकान के भीतर लगभग 6 लाख रूपए का कपड़ा रखा होने की बात सामने आ रही है,
जो पूरी तरह जल चुकी है, जबकि उससे सटी अयूब की दुकान से दुकान संचालक द्वारा अपने लोगों की सहायता से समय रहते 80 प्रतिशत कपड़े को दुकान के बाहर निकाला जा चुका था, बाकी 20 प्रतिशत कपड़ा जल गया है, जिससे उसे 1 लाख रूपए का नुकसान हुआ है . लोगों ने आग की लपटें देखते ही राजिम थाना और नगरपंचायत को सूचित कर दिया था . लगभग आधे घंटे के भीतर पहुंची नगरपंचायत राजिम के साथ-साथ गोबरा नवापारा नगरपालिका की फायरब्रिगेड ने मिलकर राजिम पुलिस की उपस्थिति में दुकानों में लगी आग को लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद बुझाने में सफलता हासिल की . खतरे की स्थिति को देखते हुए विद्युत् विभाग द्वारा घटनास्थल के आसपास के विद्युत् प्रवाह को बंद कर दिया गया था . बताना जरूरी है कि दोनों कपड़ों दुकानों के पीछे एक पंडाल में नवरात्रि के मद्देनजर माँ दुर्गा की प्रतिमाएं बनाने का काम कुम्हारों द्वारा किया जा रहा था . आग की लपटें देखकर आसपास के युवाओं ने माँ दुर्गा की सभी प्रतिमाओं को निकालकर सुरक्षित स्थान पर रख दिया . प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शार्ट सर्किट को बताया जा रहा है .



