छत्तीसगढ़ सेवा न्यूज कोरबा से द्वारिका यादव की रिपोर्ट
कोरबा :- बिलासपुर से कटघोरा राष्ट्रीय राजमार्ग नया130 पर पतरापाली (बगदेवा) से कटघोरा सड़क निर्माण का कार्य आखिरकार आरम्भ हो गया है।सड़क मार्ग के दायरे में आने वाले हरे भरे वृक्षो की कटाई की बड़े पैमाने पर कटाई की जा रही है।
कहते हैं कुछ पाने के लिए कुछ खोना पड़ता है। विकास चाहिए तो विनाश भी झेलना पड़ेगा। कुछ ऐसा ही हाल नेशनल हाईवे सड़क मार्ग को लेकर इन दिनों पाली के आस-पास देखने को मिल रहा है जहां हरे भरे सैकड़ों साल, सरई, सागौन के वृक्षों को धराशाई किया जा रहा है।उक्त नेशनल हाईवे नगर पंचायत पाली को छोड़कर बन रहा है पाली बाईपास पर दमिया से डूमरकछार के बीच के सड़क मार्ग के निर्माण का कार्य आरंभ हो गया है। जिसके लिए मार्ग हेतु चिन्हांकित वन विभाग के क्षेत्र में साल, सरई, सागौन के वृक्षों की कटाई इन दिनों बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। विकास की भेंट चढ़ रहे दमिया जंगल,पाली नर्सरी सागौन प्लांटेशन की हालत को देखकर पर्यावरण प्रेमी काफी, दुखी और द्रवित हैं। क्योंकि यह क्षेत्र पाली की पहचान है… जो अब बीते कल की बात हो जाएगी? साथ ही यह क्षेत्र स्वच्छंद विचरण करने वाले हिरणों ,चीतलों का अस्थाई आवास भी रहा है ऐसे में शासन की मृगवन(अभ्यारण्य ) की कार्य योजना कैसे मूर्त रूप लेगी इस पर प्रश्नचिन्ह भी लग गया है।
फोरलेन के लिए सरकारी भूमि पर कार्य आरम्भ
बिलासपुर कटघोरा फोरलेन नेशनल हाईवे मार्ग पर बिलासपुर जिले में बगदेवा तक वन वे कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। वही कोरबा जिले में बगदेवा से कटघोरा तक का कार्य विभिन्न कारणों से अब तक आरंभ नहीं हो पाया है। निजी भूमि का अभी तक अधिग्रहण नहीं हो पाया है जबकि वन एवं राजस्व की सरकारी भूमि पर अब जाकर कार्य आरंभ किया गया है ।इस राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या -111 (अब नया -130) पर 53.000 किलोमीटर सड़क मार्ग का ठेका दिलीप बिल्डकॉन (DBL) को मिला गया है। लगभग 850 करोड़ की लागत से बनने वाले इस नेशनल हाईवे मार्ग पर बीस हजार से अधिक वृक्षो की बलि ली जाएगी।इसमें पाली उपवनमण्डल के वन सर्वाधिक है।आने वाले दिनों में रेल कॉरिडोर का कार्य भी आरंभ होगा जिसमें इससे भी अधिक वृक्ष विकास की भेंट चढेगे।

