छत्तीसगढ़ सेवा न्यूज कोरबा से द्वारिका यादव की रिपोर्ट
कोरबा/बांकीमोंगरा:- बावनपरी के खेल में जुआरियों के तगड़े नेटवर्क को लेकर बांकीमोंगरा थाना इन दिनों जमकर सुर्खियां बटोर रहा है।क्योंकि बीते माह पुलिस ने जिस प्रकार जंगल मे संचालित जुए के फड़ पर अपनी जबरदस्त एंट्री मारी थी बावजूद उसके जुआड़ियों के हौसले पस्त नही हुए बल्कि उनके हौसले और भी बुलंदी की ओर अग्रसर हो चले है।इस थाना क्षेत्र के लोग भी आश्चर्यचकित है तथा यह सोचने पर इतना विवश हो चुके है कि बांकीमोंगरा थाना के अधीन इस तरह का फलने- फूलने वाला अवैध कारोबार आखिर समाप्त क्यों नही हो रहा है।पुलिस की निष्क्रियता को देखकर भी लोग आश्चर्य में है कि उनके नाक के नीचे बावनपरी का एक बड़ा फड़ प्रतिदिन जोरशोर से संचालित हो रहा है।जिस जुए के फड में दांव लगाने कोरबा जिले के अलावा सीमावर्ती जिले से भी जुआरी बड़ी संख्या में पहुँच रहे है।जहाँ लाखों के दांव लगाए जा रहे है।जिनके लिए खेल स्थल पर बाकायदा शराब, गुटखा, बीड़ी-सिगरेट व मांस की विशेष व्यवस्था की जा रही है।वहीं सज रहे फड़ में खेल के दौरान यदि किसी खिलाड़ी को धन की आवश्यकता पड़ जाए तो फड़ संचालनकर्ता एक स्थानीय तथाकथित नेता जो बांकीमोंगरा पुलिस से लेकर जिले में बैठे संबंधित अधिकारियों तक माहवारी देने की बात कहते फिरता है उसकी ओर से जरूरतमंद को मौके पर ही रकम बतौर उधार दी जाती है।जहां बावनपरी के खेल को पुलिस से मिले संरक्षण के कारण जुआरियों के अलावा युवा वर्ग एवं बड़े घर के बिगड़े नवाबों में जुएं की बढ़ती प्रवृत्ति देखा जा रहा है।जो परिवारिक कलह का कारण बनता जा रहा है।दूसरी ओर जुआ खेलने वालों के घरों पर आर्थिक तंगी होने से गृहणियों को घर चलाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।एक ओर जहां वर्तमान समय कोरोनाकाल में अनेकों लोग बेरोजगार हो गए हैं तथा कइयों के छोटे- मोटे व्यवसाय भी बंद हो चुके है और ऐसे में दयनीय आर्थिक हालात के बीच परिवार की गाड़ी खींचना मुश्किल हो गया है ऐसी परिस्थिति में घर के मुखिया या उनके परिवार के सदस्यों में हजार का लाखों बनाने की लालच में जुए की प्रवृत्ति के कारण उनके घर के हालात और भी बिगड़ने लगे है।जिसका खामियाजा गृहणियों को भुगतना पड़ रहा है जिनके द्वारा आर्थिक तंगी को झेलते हुए आए दिन घर में विवाद की स्थिति निर्मित होने लगी है जो धीरे-धीरे परिवार टूटने का कारण भी बनता जा रहा है।इन सभी समस्याओं का एक बड़ा कारण जुआ जैसा समाजविरोधी कार्य है।क्षेत्र की जनता द्वारा चिंता जाहिर करते हुए पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में संचालित बावनपरी के फड़ पर कार्यवाही कर अवैध कारोबार को बंद कराया जाए जिससे युवाओं में जुए की बढ़ रही प्रवृत्ति पर रोक लगने के साथ इसे लेकर किसी के घरों में निर्मित परिवारिक कलह परिवार बिखरने का कारण ना बनने पाये।


