कोरबा: पुलिस और जनता के बीच संवाद बेहतर करने का होगा प्रयास – डांगी
**छत्तीसगढ़ सेवा न्यूज कोरबा से द्वारिका यादव की रिपोर्ट **
कोरबा। शिकायत सब को रहती है पिता को बेटे से, सास को बहू से पब्लिक को अधिकारी से,पब्लिक को पुलिस से सारे शिकायतों का एक ही समाधान है वो है सुनना। पुलिस जिस दिन पब्लिक की समस्या सुनना शुरू कर दे अपने आप पुलिस और पब्लिक का संवाद बेहतर हो जाएगा और शिकायतें भी।
उक्त उद्बोधन बिलासपुर रेंज के आई जी रतन लाल डांगी के हैं। प्रेस क्लब तिलक भवन में आयोजित प्रेस से मिलिए कार्यक्रम में अपनी बात बेबाकी से रखते हुए उन्होंने कहा कि समस्या को सुनना ही समस्या का समाधान है। वे कहते हैं जब हम सिविलियन थे और सामने वाले अधिकारी से हमें जो अपेक्षाएं रहती थीं उसे अब हमे समझना होगा और पब्लिक की अपेक्षा अनुरूप काम करना होगा।
उन्होंने कहा कि हम लोग़ों की समस्या का समाधान करेंगे उतनी ही पब्लिक का विश्वास पुलिस पर बढ़ता जाएगा। उन्होंने करियर गाइड के रूप में भी अपनी बात रखते हुए कहा कि इस भाग दौड़ भरी जिंदगी में अपनों के लिए समय निकालें और उनकी समस्या को समझे व उनके साथ समय बिताएं। श्री डांगी ने कहा कि स्वास्थ्य पर भी ध्यान देना चाहिए क्योंकि बिना सेहत के आप कुछ भी उपभोग नहीं कर सकते।

