युवा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए चलाए जा रहे स्वीप (सिस्टेमैटिक वोटर्स एजूकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) कार्यक्रम के तहत पोस्टर, बैनर व स्टीकर आदि के माध्यम से युवा मतदाताओं को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आजकल विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण किया जा रहा है।
इसमें एक अक्टूबर 2023 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे युवा मतदाताओं के नाम सूची में दर्ज कराए जा रहे हैं। इसी कड़ी मे आज स्वीप कार्यक्रम के तहत शासकीय माता कर्मा कन्या महाविद्यालय महासमुंद में मतदान जागरूकता अभियान के अंतर्गत नारा लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा मतदान के रोचक नारे लिखकर कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को शत प्रतिशत मतदान करने के लिए जागरूक किया।

