राशन दुकान और मेडिकल खुला रखने के निर्देश
आॅगनबाड़ी और मध्यान्ह भोजन के हितग्राहियों को पूरक पौष्टिक आहार मिलना सुनिश्चित हो
महासमुन्द 19 मार्च 2020 / कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर आज मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने वीडियो काॅन्फ्रेसिंग के माध्यम से समस्त जिला कलेक्टरों और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए सभी आवश्यक उपाय कर रही है। इससे घबराने और डरने के बजाए संयमित होकर उपाय करने की जरूरत है। उन्होंने जिला कलेक्टरों को इस दौरान सभी आॅगनबाड़ी केन्द्रों और मध्यान्ह भोजन के माध्यम से बच्चों और हितग्राहियों को पूरक पौष्टिक आहार देने जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने राशन एवं मेडिकल दुकानों को भी खुला रखने के निर्देश दिए। श्री बघेल ने अधिकारी-कर्मचारियों को भी सावधानी और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए है। रोजगार गारंटी के अंतर्गत मजदूरों को दिए जाने वाले कार्य भी जारी रखा जाए। वीडियो काॅन्फ्रेसिंग में मुख्य सचिव श्री आरपी मण्डल, अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुब्रत साहू सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। यहां एनआईसी कक्ष में कलेक्टर श्री सुनील कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र शुक्ल, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. रवि मित्तल, वन मण्डलाधिकारी श्री मयंक पाण्डेय एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे।

