डिग्री लाल सिदार रायगढ़- वैश्विक महामारी कोरोना के चलते हमारे जीवन प्रभावित है बावजूद इसके इस संक्रमण काल में हमारे शिक्षकगण स्वप्रेरणा से पढ़ाई तुंहर पारा के अंतर्गत संचालित शिक्षा चौपाल में बच्चों के भविष्य को गढ़ने के लिए हमेशा प्रयासरत हैं ।उक्त आशय के विचार शिक्षा चौपाल कसहीबाहरा में चंद्रपुर के विधायक रामकुमार यादव ने कही। उन्होंने आगे कहा कि शैक्षिक क्रियाकलापों एवं गतिविधियों की जानकारी मुझे समाचार पत्र के माध्यम से मिली ।आज मैं स्वयं अपने प्रवास के दौरान इस शिक्षा चौपाल में उपस्थित होकर बच्चों से रूबरू मुलाकात कर मुझे खुशी और प्रसन्नता की अनुभूति हो रही है ।उन्होंने अपने छात्र जीवन के कुछ संस्मरणों को साझा करते हुए कहा कि अभावग्रस्त जिंदगी ही जीवन को आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध होती है। हमें अपने लक्ष्य को हासिल करने का प्रयास करना चाहिए । इसके लिए हमारे शिक्षकगण मार्गदर्शक की भूमिका में अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं । उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी, डॉ भीमराव अंबेडकर ज्योतिबा फुले , सावित्रीबाई फुले का जीवन चरित्र हमारे लिए प्रेरणा स्रोत है। उनका बचपन अभावग्रस्त माहौल में बीता था इसके बावजूद उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अमूल्य योगदान देकर महान कार्य किए हैं ।उन्होंने शिक्षक हेमन्त खुटे के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा के इनके द्वारा शिक्षा के माध्यम से जो बीजारोपण किया है उसका फल बच्चों को अवश्य मिलेगा। इस शिक्षा चौपाल में बतौर विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम प्रमुख अनार सिंह ठाकुर, हरिशंकर पटेल , ईश्वर सिंह ध्रुव एवं युगल यादव उपस्थित रहे ।
चंद्रपुर के क्षेत्रीय विधायक रामकुमार यादव ने प्रतिभा प्रोत्साहन कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षा चौपाल के होनहार मेघावी छात्रों को इस शैक्षणिक वर्ष में पुरस्कृत करने की घोषणा की है जिसमें पांचवीं व आठवीं के टॉपर विद्यार्थियों ढाई-ढाई हजार की नगद राशि एवं प्रशस्ति पत्र उनके द्वारा प्रदाय किया जाएगा ।


