गरियाबंद- युवा संघर्ष मोर्चा गरियाबंद के जिलाध्यक्ष युमेन्द्र कश्यप ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि, जिस तरह से प्रदेश कांग्रेस सरकार द्वारा वर्ष 2019-20 में किसानों से खरीदे गए धान की अतिरिक्त राशि चार किस्तों में किसानों को दिया जा रहा है। ठीक उसी तरह इस वर्ष 2020-21 में किसानों के द्वारा लिया गया केसीसी ऋण एवं खाद, बीज की राशि को भी किस्त के अनुसार से लिया जाए।
श्री कश्यप ने आगे कहा कि इस वर्ष गंभीर कोरोना काल के बीच किसानों की फसल खराब मौसम एवं कीट प्रकोप से भी काफी प्रभावित हुआ है। ऐसे में इस समय किसानों के सामने यह समस्या हो रही है कि लोन एवं खाद, बीज की राशि को एकमुश्त में चुकाया जाए तो किसानों को दैनिक जीवन के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ सकती है।
ऐसे में प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हित में पहल कर किसानों द्वारा लिया गया केसीसी ऋण की राशि एवं खाद, बीज की राशि को भी किस्तों में लिया जाना चाहिए। जिससे इस आर्थिक मंदी के समय में किसानों को बड़ी राहत मिल सकेगी।

