(चन्द्रशेखर प्रभाकर) राष्ट्रपति
रामनाथ कोविंद ने छत्तीसगढ़ के ख्यातिप्राप्त पंथी नर्तक राधे
श्याम बारले को आज पद्म श्री सम्मान से विभूषित किया और उन्हें बधाई और
शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सुविख्यात पंथी नर्तक डॉ.
राधेश्याम बारले को पद्मश्री सम्मान की गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई और
शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री बघेल ने बारले को दूरभाष पर बधाई
देते हुए कहा कि डॉ. राधेश्याम बारले पंथी नृत्य के माध्यम से बाबा गुरु
घासीदास जी के संदेश को जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने अपनी कला साधना
से छत्तीसगढ़ प्रदेश ही नहीं, अपितु देश को गौरवान्वित किया है।
यहां यह उल्लेखनीय है कि डॉ. बारले का जन्म दुर्ग जिले के पाटन तहसील के
ग्राम खोला में 9 अक्टूबर 1966 को हुआ। इन्होंने एम.बी.बी.एस. के साथ ही
इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय से लोक संगीत में डिप्लोमा किया है। डॉ.
बारले को उनकी कला साधना के लिए इससे पहले भी कई पुरस्कारों से नवाजा जा
चुका है।
