विधानसभा राजिम से नेहरू साहू की रिपोर्ट
गरियाबंद/---फिंगेश्वर के ग्राम खुटेरी में आज खनिज विभाग गरियाबंद और नायब तहसीलदार फिंगेश्वर द्वारा संयुक्त रूप कार्यवाही करते हुए अवैध रेत ले जाते 4 ट्रेक्टरों को पकड़कर कार्यवाही की है .
मिली जानकारी के अनुसार दोनों ही विभागों को कुछ दिनों से खुटेरी के रेत घाट से अवैध तरीके से रेत का मानवीय श्रम से उत्खनन कर परिवहन किए जाने की शिकायत मिल रही थी . इस पर आज खनिज निरीक्षक फागुलाल नागेश और फिंगेश्वर के नायब तहसीलदार प्रेमू साहू द्वारा अपने-अपने स्टाफ के साथ संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर जब छापामार कार्यवाही की गई तो मौके से रेत से भरे 4 ट्रेक्टर उनके हत्थे चढ़ गए .
इसके बाद खनिज निरीक्षक द्वारा चारों ट्रेक्टरों को जब्ती बनाते हुए उनके मालिकों के विरुद्ध प्रकरण बनाया गया है . फिलहाल चारों ट्रेक्टरों को फिंगेश्वर थाना परिसर में खड़ा करवाया गया है . मालूम हुआ है कि खुटेरी में सुबह से ही अवैध तरीके से रेत ले जाने 50 से भी अधिक ट्रेक्टर पहुँचते हैं . संयुक्त टीम जिस समय कार्यवाही करने पहुंची, उस समय बाकी ट्रेक्टर रेत लेकर जा चुके थे और केवल 4 ट्रेक्टर ही निकलने की तैयारी में थे .

