कलेक्टर ने अपमानजनक व्यवहार खबर पर त्वरित लिया संज्ञान, संबंधित को कारण बताओं नोटिस जारी
महासमुन्द। कलेक्टर डोमन सिंह की अध्यक्षता में आज यहां कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक हुई। कलेक्टर ने खरीफ बुआई, खाद-बीज की उपलब्धता के संबंध में जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) व कृषि अधिकारियों से चर्चा की। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी स्थिति में जिले में खाद-बीज की समस्या ना आए। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्ययोजना बनाकर क्रियान्वयन करें कि किसानों को जरूरत के मुताबिक समय पर खाद-बीज उपलब्ध हो। कलेक्टर श्री सिंह ने कृषि अधिकारियों साथ ही जिले के सभी एसडीएम को अमानक बीज-खाद के विक्रय तथा कालाबाजारी की रोकथाम के लिए कृषि आधारित दुकानों का औचक निरीक्षण कर कालाबाजारी में लिप्त दुकानदारों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि खाद की कालाबाजारी किसी भी सूरत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित दर पर कृषकों को उर्वरक उपलब्ध कराएं। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री आकाश छिकारा, वनमण्डलाधिकारी श्री पंकज राजपूत, अपर कलेक्टर जोगेन्द्र कुमार नायक सहित डिप्टी कलेक्टर और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री डोमन सिंह ने बीते दिनों जिला मिशन समन्वयक (डीएमसी) श्री सतीश नायर प्राथमिक शाला ग्राम सोरिद में निरीक्षण के दौरान मोहल्ला क्लास संचालित करने वाली महिला शिक्षिका के साथ अपमानजनक व्यवहार की समाचार पत्रों में खबरों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए डीएमसी को कारण बताओं नोटिस जारी करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों से कहा कि अपने अधीनस्थ कर्मियों के साथ अच्छा व्यवहार करें, खासकर महिला सहयोगी कर्मियों के साथ।
उन्होंने राजीव गांधी किसान न्याय योजनांतर्गत मुख्यमंत्री वृक्षारोपण के तहत ज्यादा से ज्यादा किसानों को धान के बदले अन्य फसल और वृक्षारोपण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिले से 7500 वर्ग फीट में भू-स्वामी हक दिया गया है। ऐसे हितग्राही बैंक अधिकारियों के साथ बैठक कराकर उन्हें जरूरत के मुताबिक ऋण उपलब्ध कराने को भी कहा। उन्होंने कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राही को मिले यह सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित विभागों से बारी-बारी से समय-सीमा पर प्रकरणों की निराकरण की जानकारी ली। उन्होंने बाढ़ आपदा राहत एवं वर्षा जनित बीमारी आदि की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि संदिग्ध लोगों की कोरोना की जॉच नियमित रूप से की जाती रहें।
पौधा तुंहर दुआर योजना के तहत् वनमण्डलाधिकारी श्री पंकज राजपूत ने जानकारी देते हुए बताया जिले में वर्तमान में अच्छी बारिश होने के फलस्वरूप वृक्षारोपण करने हेतु उपयुक्त समय है। उन्होंने कहा जिस विभाग के द्वारा पूर्व में पौधों की मांग की गई है या मांग की जानी है। अविलंब पत्र देकर जिले में वन विभाग की 17 नर्सरियों से पौधा प्राप्त कर सकते है। उन्होंने कहा कि जिले के सभी ब्लॉको में पौधा वितरण हेतु कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी गई है। उनके दूरभाष पर भी सम्पर्क कर पौधा प्राप्त किया जा सकता है।

